फिरोजाबाद में धनतेरस पर दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला जैननगर में सोमवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी गई। खून से लथपथ उसका शव किचन में मिला है। मृतका का 11 वर्षीय बेटा जब घर आया तो रसोई में मां का शव देख कर चीख उठा। इसके बाद मोहल्ले को लोगों को जानकारी हुई। सूचना मिलते ही मृतका के पति के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मोहल्ला जैन नगर में संजय अग्रवाल का मकान है। वो एक कारखाने में मुनीम हैं। सोमवार सुबह को ड्यूटी गए थे। घर में पत्नी पूनम अग्रवाल और बेटा शुभ था। दोपहर के वक्त शुभ बाहर चला गया। जब वो लौटा तो पूनम अग्रवाल का शव किचन में पड़ा मिला। मां का शव देख बेटे की चीख निकल पड़ी। जानकारी होने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने मृतका के पति और पुलिस का सूचना दी। संजय अग्रवाल के साथ पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर सभी का प्रवेश रोका गया है। पुलिस का कहना है कि धारदार हथियार से हत्या की गई है। रसोई में खून बिखरा मिला है। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। त्योहार पर हुई सनसनीखेज वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजन और आसपास के लोग दहशत में हैं। पुलिस लूटपाट के दौरान हत्या की आशंका जता रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






