यूपी के उन्नाव जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एंबुलेंस की डीसीएम से भिडंत हो गयी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। यह घटना उन्नाव जिले में पुरवा मार्ग के तौरा गांव के पास की है। कानपुर में इलाज के दौरान असोहा के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। परिवार के लोग निजी एंबुलेंस से शव लेकर घर जा रहे थे। तभी एंबुलेंस डीसीएम से टकरा गयी। हादसे में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौत हो गयी। जबकि सात लोग गंभीर रुप से घायल हैं। जानकारी के अनुसार एंबुलेंस चालक कानपुर के उर्सला अस्पताल में भर्ती युवक की मौत होने पर शव लेकर मौरावां जा रहा था। मृतक व घायल एक ही परिवार के हैं। मौरावां थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी मनोज 30 पुत्र सुरेश काफी दिनों से पेट (आंत ) की बीमारी से परेशान था। एक सप्ताह पहले घरवालों ने उसे कानपुर के उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार सुबह मनोज की मौत हो गई। परिवार के लोग प्राइवेट एंबुलेंस से शव लेकर घर जा रहे थे। तभी उन्नाव-पुरवा मार्ग पर तौरा गांव के पास सामने से आ रही डीसीएम से एंबुलेंस की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस सवार लोग उसी में दब गए। हादसे में बीमारी से मृत मनोज रावत की मां धुन्ना देवी (55) व भांजे बादल (16) की मौत हो गई। घटना में घायल हुए 7 लोगों को इलाज के लिए पहले सीएचसी ले जाया गया। यहां हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






