फिरोजाबाद के सिरसागंज की नवीन गल्ला मंडी के आसपास एक किमी के दायरे में 13 गायों की मौत हो गई। आशंका है कि गायों को चारे के साथ कोई विषाक्त पदार्थ दिया गया है। इससे गाय मर गई हैं। दो गायों की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही भाजपा और हिंदू संगठनों के लोग मंडी में एकत्रित हो गए। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पहुंच गए। भाजपा नेताओं का आरोप है कि गायों को चारे में किसी ने विषाक्त पदार्थ मिला कर दिया है और माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। इससे पहले टूंडला में नारखी रजावली मार्ग पर गोवंश की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया था। इस घटना को लेकर भी काफी हंगामा हुआ था। दो दिन बाद ही दूसरी घटना से लोगों में आक्रोश है। एसपी देहात महेंद्र सिंह का कहना है कि गायों को मरने के मामले में जांच की जा रही है। किसी ने चारे में विषाक्त पदार्थ मिला कर दिया है, ऐसी आशंका कम है। आशंका यह है कि गायों ने मक्का के खेत में छिड़की गई दवा के दौरान मक्का का सेवन कर लिया है। इससे इनकी मौत हुई है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






