बहराइच 04 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून 2018 को कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग अन्तर्गत विश्व प्रकृति निधि (डब्लू.डब्ल.एफ.) के सहयोग से खाता कॉरिडोर के आस-पास के गांवो में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। यह जानकारी देते हुए प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में नेपाल के स्थानीय समुदाय के लोग भी प्रतिभाग करेंगे। डीएफओ श्री सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 05 जून को प्रातः 07ः00 बजे से खाता कारीडोर से जागरूकता रैली निकाली जायेगी। यह रैली ग्राम बर्दिया, फकीरपुरी, विशुनापुर, आम्बा होते हुए बिछिया बाज़ार से कतर्नियाघाट पहुॅच कर सम्पन्न होगी। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक मुक्त दिवस की थीम पर आयोजित हो रहे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को सन्देश दिया जायेगा कि रोजमर्रा की जिन्दगी में प्लास्टिक पाॅलीथीन व प्लास्टिक के थैलों (कैरीबैग) व गिलास के स्थान पर कागज, कपड़े के थैलों एवं कुल्हड़ का उपयोग करें जिससे इस सुन्दर पृथ्वी को प्रदूषण तथा नाना प्रकार की पर्यावरणीय समस्याओं से निजात दिलायी जा सके।
क्षेत्रीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट आर.के.पी. सिंह ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय ग्राम पंचायतों के प्रधान, ईको विकास समितियों के पदाधिकारी व सदस्य, विभिन्न स्कूलों व शैक्षणिक संस्थाओं के छात्र एवं शिक्षक, एस.एस.बी. सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि, पर्यावरण प्रेमी व आमजन द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






