उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चार जनवरी को देवरिया आएंगे। वह बंगरा बाजार में चार जनवरी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भागवत भगत खंजड़ी वाले बाबा के जन्म दिवस पर किसान मेला में शिरकत करेंगे।
जिला प्रशासन ने इसको देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी है।
शनिवार को सांसद रविद्र कुशवाहा, डीएम अमित किशोर, एसपी डा.श्रीपति मिश्र व सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन ने जायजा लिया। अधिकारियों ने मातहतों को कमियों को दूर करने का निर्देश दिया। उप मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम पर भी चर्चा की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य हेलीकाप्टर से सुबह 11.50 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। कार से वह देवरिया आएंगे, जहां विधायक डा.सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी की अगुवाई में स्वागत किया जाएगा। दोपहर करीब एक बजे बंगरा बाजार पहुंचेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भागवत भगत के जन्म दिवस पर आयोजित किसान दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। जनपद स्तरीय विभिन्न विभागीय परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। लोक निर्माण विभाग व सेतु निगम की निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। दोपहर करीब तीन बजे वह कार से गोरखपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया कि उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






