बहराइच 11 जनवरी। कोविड-19 के प्रथम चरण के वैक्सीनेशन के लिए जनपद के 17 स्थानों पर शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार सावधानीपूर्वक वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया। शासन के निर्देश पर जनपद के समस्त 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, महाराजा सुहेल देव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, महिला चिकित्सालय व अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सलारगंज में वैक्सीनेशन के लिए सम्बन्धित प्रशासनिक, पुलिस, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व आईसीडीएस विभाग के सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में पूर्वाभ्यास किया गया।
जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ महाराजा सुहेल देव राजकीय मेडिकल कालेज का भ्रमण कर प्रथम चरण के वैक्सीनेशन हेतु किये जा रहे पूर्वाभ्यास का जायज़ा लिया। श्री कुमार ने डाक्यूमेन्ट कक्ष, वैक्सीनेशन कक्ष, विश्राम कक्ष का पूरी सघनता के साथ निरीक्षण करते हुए मौजूद अधिकारियों से वैक्सीनेशन के बारे में की गयी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने ड्राई रन के लिए नामित किये गये चिकित्सा, आई.सी.डी.एस., पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति तथा ड्यू लिस्ट व ए.एफ.आई. किट के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि वैक्सीनेशन के लिए सभी तैयारियाॅ पूर्ण कर ली गयी हैं। जिले में 17 स्थानों पर पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि किस तरह से लोग आयेंगे और उनका निर्धारित प्रोटोकाॅल के अनुसार किस प्रकार से वैक्सीनेशन किया जायेगा इस पूरी कवायद का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि एक दिन में 100 से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन किया जाना प्रस्तावित है। इसलिए भीड़-भाड़ एकत्र न हो तथा सोशल डिस्टेन्सिंग एवं कोविड-19 के सुरक्षात्मक प्रोटोकाॅल का पालन कराये जाने की भी उचित व्यवस्था की गयी है। वैक्सीनेशन के लिए आवश्यकतानुसार कमरों के प्रबन्ध के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार आईएएस, मुख्य चिकित्साधिकारी राजेश मोहन श्रीवास्तव, महाराजा सुहेल देव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. अनिल के. साहनी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. डी.के. सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डाॅ. वी.पी. वर्मा, डिप्टी डीएचईआईओ बृजेश कुमार सिंह सहित अन्य सम्बन्धित लोग मौजूद रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






