बहराइच 04 मार्च। जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ रिसिया मोड़ स्थित विपुल इण्डस्ट्रीज़ का निरीक्षण कर ईकाई की कार्य प्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान विपुल इण्डस्ट्रीज़ पराली निस्तारण उद्योग के प्रबन्ध संचालक राम रतन अग्रवाल ने जिलाधिकारी को बताया कि रू. 3.10 करोड़ की लागत से स्थापित विपुल इण्डस्ट्रीज इकाई की क्षमता 100 टन प्रतिदिन है। श्री अग्रवाल ने बताया कि इकाई द्वारा बायो फ्यूल पैलेट्स का निर्माण किया जाता है। बायो फ्यूल पैलेट्स के निर्माण हेतु कच्चे माल के तौर पर किसानों से खरीद की गयी पराली, गन्ने की पत्ती और मक्के के डण्ठल का प्रयोग किया जाता है। जबकि बाइन्डर के रूप में शुगर मिल के वेस्टेज (प्रेसमड) का प्रयोग किया जाता है। प्रबन्ध संचालक श्री अग्रवाल ने बताया कि विपुल इण्डस्ट्रीज इकाई द्वारा तैयार बायो फ्यूल पैलेट्स की एन.टी.पी.सी. ऊॅचाहार रायबरेली को आपूर्ति की जाती है। श्री अग्रवाल ने बताया कि बायो फ्यूल पैलेट्स को तैयार करने हेतु प्रदेश में यह अपनी तरह का पहला प्लान्ट है।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपनी तरह का पहला प्लान्ट स्थापित करना जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इकाई की स्थापना से जनपद में पराली के सुव्यवस्थित निस्तारण से पर्यावरणीय समस्या का भी समाधान होगा। श्री कुमार ने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों के लोग भी प्रेरित होंगे।
इस अवसर पर उप निदेशक कृषि डाॅ. आर.के. सिंह, जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग मोहन चन्द शर्मा, अधि.अभि. विद्युत बहराइच मुकेश बाबू, जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव सिंह सहित अन्य सम्बन्धित लोग मौजूद रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






