बहराइच 14 अगस्त। राजस्व विभाग अन्तर्गत मिशन शक्ति फेज़ 01 व 02 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली तहसील कैसरगंज की महिला लेखपाल सुश्री अर्चना सिंह को मिशन शक्ति फेज़-3 अन्तर्गत 21 अगस्त 2021 को इन्दिरा गाॅधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि राजस्व विभाग में मिशन शक्ति फेज़ 01 व 02 में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किये जाने का निर्णय लिया गया है।
यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चन्द्र ने बताया कि महिला लेखपाल सुश्री अर्चना सिंह द्वारा मिशन शक्ति अभियान अन्तर्गत 20 राजस्व ग्रामों में गोष्ठियों का आयोजन कर महिलाओं को जागरूक किया गया। निर्विवाद उत्तराधिकार अभियान अन्तर्गत सर्वाधिक 78 मृतकों की वरासत दर्ज कर उनके वारिसानों को खतौनी उनके घर जाकर उपलब्ध करायी गयी। कोविड-19 महामारी से मृतक शमशेर अली पुत्र अब्बास अली, निवासी रसूलपुर दरेहटा एवं मृतक मिज्जन पुत्र मोहब्बत अली, निवासी कन्दौसा की वरासत दर्ज कर निःशुल्क खतौनी उनके घर जाकर उनके वारिसानों को उपलब्ध करायी गयी।
इसी प्रकार पोलियो टीकाकरण अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीम के साथ घर-घर जाकर टीकाकरण कार्य में सुश्री सिंह द्वारा सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। कोविड-19 महामारी के दौरान प्रवासी मज़दूरों की सहायता एवं उन्हे राशन किट उपलब्ध कराये जाने में भी महिला लेखपाल द्वारा सराहनीय योगदान किया गया। इसके अलावा महिला लेखपाल द्वारा पदीय दायित्वों के निर्वहन एवं सौंपे गये कार्यों के निस्तारण में भी अच्छी प्रगति पायी गयी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






