दशहरा त्यौहार पर भारी संख्या में अपने वतन लौट रहे हैं नेपाली कामदार
रिपोर्ट : वसीम अहमद
रुपईडीहा बहराइच। भारत नेपाल सीमावर्ती रुपईडीहा कस्बे में स्थित अंतर्राज्यीय रोडवेज बस स्टेशन पर इस समय दशहरा त्यौहार के कारण भारी भीड़ बसों पर चल रही है। इस समय भारतीय क्षेत्र के विभिन्न महानगरों से भारी संख्या में काम कर लौटने वाले नेपाली कामगार दशहरा मनाने के लिए अपने वतन नेपाल पहुंच रहे हैं। दशहरा के कारण रात में दो बजे से ही भारतीय क्षेत्र के विभिन्न महानगरों से बसों का आना शुरू हो जाता है। बताया जाता है कि नेपालगंज जिला बांके के होटल वाले अपने दलाल पाल रखे हैं।यह दलाल झुंड के झुंड रुपईडीहा कस्बे के बस स्टेशन पर नेपाली यात्रियों को अपने होटलों में ले जाने के लिए छीना झपटी व मारामारी करते देखे जाते हैं। जबकि पचासों की संख्या में थाने में तैनात एस आई व कांस्टेबल न जाने कहां गश्त करते हैं। रोड़वेज बस स्टेशन पर उस समय कोई भी सुरक्षा कर्मी दिखाई नहीं देता। नेपाल में दशहरा सबसे बड़ा धार्मिक राष्ट्रीय व सांस्कृतिक पर्व है। विदेशों में जहां भी नेपाली नागरिक रहते हैं। इस पर्व पर अपने घर जरूर लौटते हैं। वर्तमान समय में हजारों की संख्या में नेपाली नित्य सपरिवार लौट रहे हैं। नेपाली दलाल व बैट्री रिक्शा वाले बसों में घुस कर इनका सामान उठा लाते हैं। बस स्टेशन पर अराजकता व अव्यस्था का ताण्डव देखने को मिलता है। इसी क्रम में गत 17 सितंबर को एक नेपाली महिला का रुपईडीहा कस्बे में ही एक पैडिल रिक्शा चालक 7 हजार रुपये का सामान उस समय लेकर फरार हो गया जब वह सब्जी लेने के लिए सब्जी मंडी में गयी थी। उक्त नेपाली महिला ने थाने में प्रार्थना पत्र भी दिया था। इस संबंध में नेपाली थाना जमुनहा के इंचार्ज माधव रिजाल ने बताया कि इस समय नित्य लगभग 5 हजार नेपाली नागरिक अपने वतन लौट रहे हैं।ये लोग महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश आदि प्रदेशों से आ रहे हैं।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






