रिपोर्ट : वसीम अहमद
रुपईडीहा बहराइच। भारत नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में यातायात माह को प्रभावी रूप से लोगों को जागरूक करने को लेकर थाना प्रभारी ने स्वयं पुलिस टीम की कमान संभाल ली है। इसके तहत रूपईडीहा थाने के पुलिसकर्मी सड़कों पर खड़े होकर लोगों को नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। चालकों को संकेतों व सड़क पर सुरक्षित चलने के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। रुपईडीहा थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक के द्वारा चकिया मोड़ चौराहा व सेंट्रल बैंक चौराहा पर आने-जाने वाले राहगीर व यात्रियों को यातायात नियमों व संकेतों के बारे में जानकारी दी गई। सड़क पर सुरक्षित चलने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित भी किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने कहा है कि जो भी यातायात नियम एवं कानून बनाए गए हैं, वह लोगों की सुरक्षा से जुड़े हैं। इन नियमों का पालन न करने वाला खुद को तो परेशानी में डालता ही है, समाज और देश का भी गुनहगार बनता है। पुलिस और प्रशासन सिर्फ नियमों का पालन कराते हैं। जिसके लिए कई बार सख्ती भी करनी पड़ती है। यातायात के नियमों का पालन नहीं करेंगे तो खुद के साथ दूसरों के लिए भी असुरक्षा पैदा होगी। उन्होंने कहा कि यातायात माह में हमारी प्राथमिकता है कि क्षेत्र के लोगों को जागरूक किया जाय।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






