बहराइच 7 जनवरी। शुक्रवार को सम्पन्न हुए जिला स्तरीय इन्वेस्टर्स निर्यातक शिखर सम्मेलन की ऐतिहासिक सफलता के लिए उद्योग व्यापार मंडल व इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी दिनेश चंद्र व अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार को सम्मानित किया है।
कार्यक्रम आयोजक मंडल के सदस्य उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष गौरीशंकर भानीरामका, अध्यक्ष कुलभूषण अरोरा, आई.आई.ए. चेयरमैन अशोक मातनहेलिया, व्यापार मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजमोहन मातनहेलिया व उपाध्यक्ष मनीष मल्होत्रा, निर्यातक पीयूष मातनहेलिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह व अपर जिलाधिकारी मनोज कुमार को पुष्पगुच्छ व दुशाला ओढ़ाकर कार्यक्रम की ऐतिहासिक सफलता के लिए सम्मानित किया।
गौरतलब है कि आगामी 10 से 12 फरवरी को लखनऊ में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट हेतु उद्यमियों, व्यापारियों एवं निर्यातकों की ओर से अधिक से अधिक धनराशि के निवेश प्रस्ताव प्राप्त करने के उद्देश्य से इण्डियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के बहराइच चैप्टर एवं उद्योग व्यापार मण्डल बहराइच तथा जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र के सहयोग से लेजर रिसार्ट में आयुक्त देवीपाटन मण्डल एम.पी. अग्रवाल की अध्यक्षता में एक दिवसीय इन्वेस्टर्स निर्यातक शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया था। बहराइच जनपद को दिए गए लक्ष्य एक हजार करोड़ के सापेक्ष आयोजन के दिन तक 1750.96 करोड़ के 69 निवेश प्रस्ताव आ चुके थे।
शुक्रवार को सम्पन्न उक्त कार्यक्रम में महा मण्डलेश्वर रवि गिरी जी महाराज, सांसद बहराइच अक्षयवर लाल गोंड, एम.एल.सी. डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, विधायक सदर श्रीमती अनुपमा जायसवाल, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, बलहा विधायक श्रीमती सरोज सोनकर व नानपारा विधायक राम निवास वर्मा, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना व अन्य अधिकारी तथा व्यापार मण्डल के तमाम पदाधिकारियों व व्यापारियों ने भाग लिया था।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम की अभूतपूर्व सफलता के लिए व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम आयोजक उपायुक्त उद्योग वीरेन्द्र कुमार व उद्योग विभाग के अधिकारी बी.आर. यादव को भी सम्मानित करने उनके कार्यालय जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






