किशोरपुरा थाना क्षेत्र के साजीदेहड़ा का मामला
कोटा। किशोरपुरा थाना क्षेत्र के साजीदेहड़ा में रात को सिगड़ी पर नॉनवेज चढ़ाकर और कमरा बंद कर सोए पति-पत्नी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है।
सुबह जब इनका बेटा राकेश इन्हें जगाने गया तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। बेटे ने आवाज लगाई। मगर कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया और खिड़की तोड़कर अंदर देखा तो उसके माता-पिता मृत हालात में पड़े मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में पहुंचाया। मृतक लक्ष्मण (45) मूलरूप से बारां जिले के पलायथा का रहने वाला था। वह करीब 20 साल से कोटा में साजीदेहड़ा इलाके में किराए से रह रहा था। लक्ष्मण वर्तमान में बंजारा कॉलोनी स्थित मैरिज गार्डन में चौकीदारी का काम करता था। पत्नी चंदा (40) कबाड़ी के गोदाम पर काम करती थी। इनके दो बेटे व एक बेटी है। बुधवार रात को लक्ष्मण मैरिज गार्डन के कमरे में सोने चला गया। उसकी पत्नी चंदा भी वहां आ गई। उन्होंने सर्दी से बचाव के लिए कमरे में सिगड़ी जला रखी थी। सिगड़ी पर नॉनवेज चढ़ा दिया और दोनों पति-पत्नी सो गए। कमरे में वेंटिलेशन की जगह नहीं होने से आशंका है कि वहां सिगड़ी का धुंआ भर गया। इससे दोनों की मौत हो गई।
बेटे राकेश ने बताया कि वो मैरिज गार्डन के पास ही किराए से रहते हैं। कभी-कभी उसकी मम्मी रात में मैरिज गार्डन में पापा के पास रुक जाती थी। मम्मी रात साढ़े दस बजे पापा को खाना देने गई थी, जो वहीं सो गई। सुबह 7 बजे मैं वहां गया तो कमरे का दरवाजा लगा हुआ था। आवाज देने पर भी नहीं खुला। इस पर आसपास के लोगों की मदद से खिड़की तोड़नी पड़ी।
पड़ोसी भोजराज ने बताया कि बेटा 7 बजे से गेट बजा रहा था। साढ़े नौ बजे करीब हमें पता लगा। दरवाजा अंदर से बंद था। इस पर खिड़की के एक हिस्से को ग्राइंडर से काटा, फिर डंडे फंसाकर कुंड़ी खोली तो अंदर दोनों मृत मिले। सिगड़ी में आग नहीं थी। मगर उस पर मीट की कटोरी रखी हुई थी।
किशोरपुरा थाने के एएसआई हरिसिंह ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे करीब सूचना मिली थी। इस पर मौके पर पहुंचे तो लोगों ने कमरे के दरवाजे तोड़ रखे थे। पति-पत्नी अचेत हालात में मिले। दोनों को हॉस्पिटल लाए तो ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बेटे ने बताया कि दोनों रात को सिगड़ी जलाकर सोए थे। कमरे में वेंटिलेशन की जगह नहीं थी। डॉक्टर व परिजनों ने सिगड़ी के धुएं से दम घुटने से मौत होना बताया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






