साहित्यिक संस्था अक्षर इकरा मंच की काव्य गोष्ठी में दोनों को किया याद
कोटा। साहित्यिक संस्था अक्षर इकरा मंच की ओर से विज्ञान नगर में एक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता मशहूर साहित्यकार भगवती प्रसाद गौतम ने की। मुख्य अतिथि जमील कुरैशी व विशिष्ट अतिथि भगवत सिंह मयंक ने काव्य गोष्ठी की शोभा बढ़ाई। ज्ञानसिंह गंभीर ने गोष्ठी का कुशल संचालन किया।
काव्य गोष्ठी में शहर के प्रबुद्ध कवियों व शायरों भगवती प्रसाद गौतम, भगवत सिंह मयंक, जमील कुरैशी, महेंद्र नेह, हंसराज चौधरी, ज्ञानसिंह गंभीर, सलीम आफरीदी, फीरोज खान इतिहासकार, वेद प्रकाश परकाश, डॉ शबाना सहर, डॉ. रौनक रशीद खान, सपना मीणा, शमा फीरोज ने काव्य पाठ किया। कोटा के राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कहानीकार, लेखक व हिंद पॉकेट बुक्स के वर्षों तक मुख्य संपादक रहे डॉ. नफीस आफरीदी व मशहूर शायर मुनव्वर राना के असामयिक निधन पर शोकसभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डॉ. नफीस आफरीदी के बारे में उनके छोटे भाई सलीम आफरीदी व भगवती प्रसाद गौतम ने बताया कि उन्होंने तीस वर्षों से अधिक भारत के मशहूर प्रकाशन हिंद पॉकेट बुक्स में प्रधान संपादक के पद पर रहते हुए अपने जीवनकाल में सैंकड़ों किताबों का संपादन किया। विशेष संपादन के अंतर्गत विश्व कथा-साहित्य, विश्व चिंतन, प्रेमचंद रचनावली, रवींद्र ग्रंथावली के अंतर्गत लगभग 75 पुस्तकें प्रकाशित कीं। इसके अतिरिक्त स्वयं के उन्नीस उपन्यास, कहानी संग्रह, नाटक देश भर के कई मंचों पर प्रदर्शित हुए। अखिल भारतीय स्तर पर पुरस्कृत मलयालम व मराठी में अनूदीत, स्वयं के लिखे बाल उपन्यास, दो टेलीनाटक और एक टेलीफिल्म भी बनी। अंत में दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






