रिपोर्ट : रियाज अहमद
बहराइच। रिसिया ब्लॉक की रहने वाली पिंक रिक्शा चालक आरती को 22 मई को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर लंदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रिंस ट्रस्ट के द्वारा यूके रॉयल अवार्ड से सम्मानित की गयी। आगा ख़ान फाउण्डेशन से जुड़ी हुई आरती को ज़िला प्रशासन की ओर से 2 अक्टूबर 2024 को उत्तर प्रदेश सरकार की पिंक ई-रिक्शा स्कीम के तहत ई-रिक्शा मिला था। यूके रॉयल अवार्ड के लिए सम्पूर्ण विश्व से नामांकन मांगा गया था। जिसमें ई-रिक्शा चालक आरती का नाम भी भेजा गया था। आरती का चयन ‘अमल क्लूनी महिला सशक्तिकरण’ अवॉर्ड के लिए हुआ। कार्यक्रम के लिए लन्दन आने जाने के लिए प्रिंस ट्रस्ट के द्वारा आरती को सहयोग किया गया और आगा ख़ान फाउण्डेशन की सीईओ टिनी साहनी और कार्यक्रम अधिकारी सीमा शुक्ला ने कार्यक्रम में आरती के साथ प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम के उपरान्त आरती सहित अन्य प्रतिभागियों के विश्व प्रसिद्ध बर्किघम पैलेस में किंग चार्ल्स से मुलाकात का अवसर भी प्राप्त हुआ। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने रिक्शा चालक आरती को यूके रॉयल अवार्ड मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह जनपद के लिए गौरव की बात है। डीएम ने कहा कि आरती को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने से आकांक्षात्मक जनपद बहराइच में महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा। डीएम ने कहा कि उन्हें विश्वास है जिले की महिलाएं आरती से प्रेरणा लेकर अपने लिए स्वावलम्बन की राह चुनकर नई इबारत लिखने का संकल्प लेंगी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






