कोटा में वेलफेयर पार्टी ऑफ़ इंडिया का कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न
कोटा में रविवार को वेलफेयर पार्टी ऑफ़ इंडिया का कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न हुआ। जिसमें जयपुर से आए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वक़ार अहमद ने शिरकत की और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यकों, महिलाओं और निर्बलों पर अत्याचार की घटनाएं दिन ब दिन बढ़ती जा रही हैं। जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वेलफेयर पार्टी के कार्यकर्ता इसके विरूद्ध आगामी दिनों में बड़ा प्रदर्शन करने के लिए तैय्यार हैं। जिलाध्यक्ष आसिफ़ हुसैन ने कार्यकर्ताओं से आगामी निगम के चुनावों में जुट जाने का आह्वान किया। जिला महासचिव मुहम्मद ख़ालिद ने केंद्र सरकार की ओर से लाए गए वक़्फ़ क़ानून संशोधन बिल, बुल्डोज़र कार्यवाही और इन जनविरोधी फैसलों पर विपक्षी पार्टियों मुख्यतः कांग्रेस की चुप्पी को शर्मनाक बताया।
मीडिया सचिव दिनेश सक्सेना ने बताया कि वार्ड 52 कोटा उत्तर से पार्षद मोहम्मद आसिम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को शहर भर में वार्ड स्तर पर आमजन के मुद्दे उठाना चाहिए। ताकि वार्ड स्तर पर आमजन को जोड़ा जा सके और पार्टी संगठन को मज़बूत किया जा सके।
कार्यकर्ता सम्मेलन में ज़िला सचिव जावेद अख़्तर अंसारी ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि वेलफेयर पार्टी के इकलौते पार्षद मोहम्मद आसिम ने अपने कार्यकाल के पिछले चार वर्षों में ईमानदारी का एक नमूना पेश कर दिया है। जिसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाना चाहिए और आमजन को पार्टी से जोड़ना चाहिए। सम्मेलन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सैफुल्लाह ख़ान व युवा मोर्चा अध्यक्ष मोहम्मद इरफान ने भी सम्बोधित किया।
साथ ही बिजौलिया से पधारे लोगों ने पार्टी की विचारधारा व जनहित के कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में लगभग 200 कार्यकर्ता शामिल हुए।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






