सीकर में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का राज्य स्तरीय कन्वेंशन सम्पन्न
कोटा/ सीकर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) द्वारा सीकर में स्मार्ट मीटर और बिजली निजीकरण के खिलाफ एक राज्य स्तरीय कन्वेंशन का आयोजन किया गया। इस कन्वेंशन में स्मार्ट मीटर और बिजली निजीकरण के दुष्परिणामों पर विस्तृत चर्चा हुई और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। मुख्य प्रस्ताव स्मार्ट मीटर का पूर्ण विरोध रहा।
अन्य प्रस्तावों में सभी जिलों में बिजली उपभोक्ता संघर्ष समिति का गठन कर इसके बैनर तले आंदोलन को तेज करना, 1 अगस्त से 15 अगस्त 2025 तक बिजली विभाग के AEN कार्यालयों पर विरोध प्रदर्शन, 16 अगस्त से 30 अगस्त 2025 तक घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर और बिजली निजीकरण के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाना, सितंबर 2025 में प्रत्येक जिले में बड़ी सभाओं का आयोजन कर जनता को जागरूक करना आदि प्रस्ताव शामिल रहे।
कन्वेंशन में मुख्य वक्ता इलेक्ट्रिकल फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड सुदीप्ता दत्ता ने स्मार्ट मीटर और बिजली निजीकरण के पीछे की नीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार बिजली क्षेत्र को निजीकरण के जरिए निजी कंपनियों के हवाले करना चाहती है, जिससे आम जनता, मजदूरों और किसानों को भारी बिजली बिलों का बोझ उठाना पड़ेगा। राजस्थान में बिजली पहले से ही अन्य राज्यों की तुलना में महंगी है और स्मार्ट मीटर लागू होने से स्थिति और गंभीर होगी। स्मार्ट मीटर में उपभोक्ता को पहले पैसे जमा करने होंगे और पैसे खत्म होने पर बिजली कट जाएगी। जिसका विशेष रूप से किसानों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। माकपा के सीकर सांसद कॉमरेड अमराराम, पॉलिट ब्यूरो सदस्य कॉमरेड बिजूं कृष्णन और अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय सचिव ने भी स्मार्ट मीटर के दुष्परिणामों और जनता की लूट को रोकने के लिए प्रदेशव्यापी आंदोलन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संयुक्त मोर्चा बनाकर जन अभियान और विरोध प्रदर्शन को तेज करने का प्रस्ताव रखा।
कन्वेंशन को इन्होंने भी क्या संबोधित
कन्वेंशन को माकपा राज्य सचिव किशन पारीक, कॉमरेड पेमा राम, दुलीचंद बोरदा, राकेश गालव, सीटू राज्य अध्यक्ष भंवर सिंह शेखावत, निर्माण मजदूर यूनियन के राज्य महामंत्री हरेन्द्र सिंह, सुमित्रा चोपड़ा, पूर्व विधायक बलवान पुनिया और गिरधारी माहिया ने भी संबोधित किया।
कोटा जिले से हुए शामिल
कोटा से माकपा जिला सचिव कॉमरेड हबीब खान, उमाशंकर, नरेंद्र सिंह, इटावा से माकपा संयुक्त सचिव मुरारीलाल बैरवा, सीटू जिलाध्यक्ष राकेश गालव, और किसान सभा जिलाध्यक्ष दुलीचंद बोरदा सहित बूंदी से कॉमरेड साधु सिंह ने हिस्सा लिया।
16 से 30 अगस्त तक चलाएंगे हस्ताक्षर अभियान
कन्वेंशन में हबीब खान ने कोटा जिले की रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि 1 से 15 अगस्त तक बिजली निजीकरण और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा और 16 से 30 अगस्त तक हस्ताक्षर अभियान होगा। यह अभियान माकपा, सीटू, किसान सभा, छात्र संगठन, नौजवान सभा, और जनवादी महिला समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित होगा।
झालावाड़ हादसे को बताया हत्या
माकपा पिपल्दा संयुक्त सचिव और सीटू महामंत्री मुरारीलाल बैरवा ने झालावाड़ के मनोहर थाना में स्कूल भवन की छत गिरने से सात बच्चों की दुखद मृत्यु और अन्य के मलबे में दबने की घटना को हादसा नहीं, बल्कि हत्या करार दिया। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही की निंदा की और शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की। साथ ही मृतक बच्चों के परिजनों को 50 लाख रुपए के मुआवजे की मांग की। प्रदेश के सभी जिलों से सैकड़ों प्रतिनिधियों ने इस कन्वेंशन में भाग लिया और स्मार्ट मीटर व बिजली निजीकरण के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन को तेज करने का संकल्प लिया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









