महराजगंज। सूर्योपासना के महापर्व छठ पूजा को भक्तिमय माहौल में मनाया गया। व्रती महिलाएं रविवार की भोर में छठ माता का गीत गाते हुए अपने घर के नजदीक नदी व पोखरों के घाटों पर पहुंची और विधि विधान से पूजा अर्चना की। भोर से ही बैठी महिलाओं को भगवान भास्कर का इंतजार रहा। जैसे ही कोहरे के बीच उनकी झलक दिखी महिलाओं ने पानी में खड़ा होकर उन्हें अर्घ्य समर्पित कर अपना व्रत तोड़ा। इस महापर्व में ठूठीबारी कस्बा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रो में उत्सव जैसा माहौल रहा। ठूठीबारी स्थित चंदन नदी घाट, धरमौली,रामनगर,किशुनपुर, तुरकहिया,गड़ौरा,बसंतपुर में नदी-घाटों व पोखरे के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ रही। व्रती महिलाओं ने वेदी पर छठ माता की अच्छत, पुष्प, रोली, मिष्ठान, द्रव्य और फलों को चढ़ा कर पूजन किया। यहां से सूर्योदय के पूर्व सूप में पूजन सामग्री, फल आदि लेकर महिलाएं पोखरे में पानी में खड़ी हुई और भगवान सूर्य की आराधना की। अरुणोदय में कोहरे के बीच भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। महिलाओं ने घाट पर मौजूद व्रती महिलाओं ने पुरोहित व बड़े बुजुर्गो का आशीर्वाद लिया। कई महिलाओं ने अपने गोद में बच्चे को लेकर व्रत के दौरान पूजा किया और अपने पुत्र और पति के दीर्घायु की कामना की। वही सुरक्षा के दृष्टिकोण से कोतवाली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






