सिद्धार्थ नगर/महराजगंज।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सिद्धार्थनगर में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए सरकार को छुट्टा पशुओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि छुट्टा पशु खेतों को बर्बाद कर दे रहे हैं। सरकार ने उनके लिए बनाए बाड़ों में चारे-पानी तक का इंतजाम नहीं किया है।
डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रियंका ने किसानों को कर्जमाफी के मुद्दे पर किसी झांसे में न आने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने सिर्फ बड़े उद्योगपतियों के कर्जे माफ किए। किसानों की आमदनी दोगुना करने की बात हो या कर्जमाफी की भाजपा के लिए ये सब जुमला ही था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने पर सभी के खातों में 15-15 लाख रुपए देने का वादा किया था लेकिन पांच साल बीत जाने के बाद भी ऐसा कुछ नहीं किया। वादे के मुताबिक पांच सालों में किसानों की आमदनी भी दोगुनी नहीं हुई। गन्ना किसानों का भुगतान नहीं हुआ। मिल मालिकों का हो गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब किसानों को छह हजार रुपए वार्षिक देने का वादा किया लेकिन कुछ किसानों को दो हजार देकर रह गई।
उन्होंने देश में महंगाई बढ़ने का आरोप लगाया। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व राजस्थान में सरकार में आते ही किसानों के कर्ज माफ कर दिए। भाजपा की कथनी करनी में अंतर है। नोटबन्दी और जीएसटी ने देश को बर्बाद कर दिया। उन्होंने वादा दोहराया कि कांग्रेस सत्ता में आई तो 72 हजार रुपये सालाना देगी। 12 वीं कक्षा तक पढ़ाई मुफ्त होगी। अस्पतालों में मुफ्त इलाज होगा। 10 लाख रोजगार ग्रामीण स्तर पर दिए जाएंगे। 24 लाख खाली पदों को मार्च 2020 तक भरा जाएगा। इसके अलावा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव अमल में है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






