त्तर प्रदेश में मेरठ जिले के एक अस्पताल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल के कंपाउंडर ने शनिवार रात में एक 60 वर्षीय महिला मरीज को नशे का इंजेक्शन देकर दुष्कर्म किया। उधर, सूचना पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं घटना की जानकारी लगने पर सपा युवजन सभा के छात्र भी अस्पताल में पहुंच गए और अस्पताल के मैनेजर के साथ मारपीट का प्रयास किया गया। इस दौरान पुलिस ने बीच-बचाव कराते हुए मैनेजर को बचा लिया। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित परिजनों को समझाकर शांत किया। बता दें कि हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली रिटायर फौजी की पत्नी के डिस्क में प्रॉब्लम थी जिसके चलते 13 नवंबर को महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला कमरा नंबर 331 में भर्ती थी। सोमवार सुबह महिला ने अपने परिजनों को बताया कि रविवार की रात उसके कमरे में रिजवान नाम का एक कंपाउंडर आया और उसने उसे 11 से 12 के बीच में एक इंजेक्शन दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। करीब रात के 2:30 बजे महिला को होश आया तो उसने देखा कि उसके कपड़े उतरे हुए थे और दर्द से कराह रही थी। महिला का आरोप है कि रिजवान ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर फरार हो गया। सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी शशि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और महिला के बयान लेने के बाद उसे डॉक्टरी के लिए भेजा। जैसे ही यह सूचना शहर में फैली तो सपा युवजन सभा के छात्र अस्पताल में पहुंच गए और उन्होंने मैनेजर और अन्य डॉक्टरों का घेराव कर लिया। इस दौरान उन्होंने मैनेजर के साथ खूब गाली गलौज की। यही नहीं बल्कि मारपीट का भी प्रयास किया। छात्रों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने इस मामले को दबाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना नहीं दी। थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि महिला को डॉक्टरी के लिए भेज दिया है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपित रिजवान को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं अस्पताल के मैनेजर का कहना है कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। साथ ही उनका कहना है कि वह पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं। यदि आरोपी दोषी पाया गया तो उसे नौकरी से भी निकाला जाएगा। और उसके खिलाफ अस्पताल की तरफ से भी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






