बहराइच 17 अक्टूबर। अन्तर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर किसान भवन सभागार में प्रगतिशील कृषक शक्तिनाथ सिंह की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गत सोमवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रगतिशील कृषक श्री सिंह ने खेती में महिलाओं द्वारा किये जा रहे योगदान की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने 04 महिला कृषकों को मसूर बीज के मिनीकिट का वितरण भी किया गया। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए अपराजिता सामाजिक समिति की श्रीमती किरन वैश्य ने महिला किसानों को अपनी रूचि के अनुसार सब्ज़ी उत्पादन के क्षेत्र में कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केला व मशरूम उत्पादन से बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने महिला किसानों को अधिकार दिलाये जाने का भी सुझाव दिया। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. शिव कुमार रावत ने पशुपालन से होने वाले लाभो तथा कृषि रक्षा अधिकारी राम दरश वर्मा ने विभागीय योजना के बारे में जानकारी प्रदान की। कृषि विज्ञान केन्द्र के समन्वयक डा. एस.के. वर्मा ने गोष्ठी में मौजूद महिला किसानों को खेती की नवीनतम तकनीकों के बारे में उपयोगी जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि महिलाओं के योगदान के बिना खेती असंभव है। उन्होंने कहा कि एक किसान परिवार के आर्थिक व सामाजिक उत्थान में महिला किसान के सहयोग का नकारा नहीं जा सकता है। गोष्ठी को एडीओ एजी मुख्यालय शम्भूनाथ सिंह, फसल अनुसंधान केन्द्र के डा. एस.पी. गुप्ता व डा. एस.पी. सिंह, उद्यान निरीक्षक उमेश चन्द्र वर्मा, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के सलाहकार डा. वी.के. सिंह व कृषि विज्ञान केन्द्र की डा. रेनू आर्या सहित अन्य अधिकारियों व वैज्ञानिकों ने भी सम्बोधित किया। गोष्ठी में बड़ी संख्या में महिला किसान मौजूद रहीं।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






