मिहींपुरवा (बहराइच) : मोतीपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम पंचायत झाला के मजरा चकैया निवासी एक ग्रामीण के घर में शुक्रवार देर रात पहुंचे डकैतों ने परिवार के लोगों को मारपीट कर हजारों की लूटपाट की। विरोध करने पर कट्टे से कई चक्र फायरिंग किए। फायरिंग में गृहस्वामी व पड़ोसी समेत पांच लोग घायल हुए हैं। डकैत गृहस्वामी की पत्नी को अगवा कर ले गए। रात में ही घटना की सूचना थाने पर दी गई। १०० नंबर डायल कर पुलिस को अवगत कराया गया, लेकिन पुलिस टीम घटना के दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। डकैती के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में दहशत है। मोतीपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत झाला के मजरा चकैया निवासी राममिलन यादव शुक्रवार रात १२ बजे के आसपास परिवार के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। तभी आठ से १० की संख्या में बदमाश घर पर आ धमके। दीवार फांदकर घुसे बदमाशों ने घर के अंदर पहुंचते ही लूटपाट शुरू कर दी। आहट पाकर राममिलन, उनकी पत्नी आशा देवी तथा बेटी रेखा जगे तो सभी ने बदमाशों का सामना करने की कोशिश की। इस पर डकैतों ने हमला कर सभी को पीट दिया। रेखा ने कमरा बंद कर अपनी जान बचाई। इसी दौरान डकैतों ने कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। पति-पत्नी की चीख पुकार पर पड़ोस के लोग दौड़े। छर्रा लगने से गृहस्वामी राममिलन (३५), पड़ोसी छोटन्ने यादव (४०), सोहनलाल (३), अनिल यादव (२५), जवाहर यादव (२८) लहूलुहान हो गए। इस आपाधापी के बीच डकैतों ने अलमारी का ताला तोड़कर २० हजार रुपये नकदी व ५० हजार मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान समेट लिया। परिवारीजनों के चीख पुकार पर गांव के अन्य लोग भी दौड़ पड़े। अपने को घिरता देख बदमाश राममिलन की ३० वर्षीय पत्नी को कट्टे के बल पर अगवा कर ले गए। डकैतों ने पीछा करने पर आशा देवी को गोली मारने की भी धमकी दी। डकैतों के जाने के बाद गांव के लोगों ने १०० नंबर डायल कर तत्काल पुलिस को सूचना दी। लेकिन दो घंटे बाद गश्ती पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान थानाध्यक्ष हेमंत कुमार गौड़ भी टीम के साथ पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाकर भर्ती कराया। एसओ ने बताया कि घायल राममिलन की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ चल रही है। शीघ्र ही सभी बदमाशों को दबोच लिया जाएगा। पुलिस सक्रिय होती तो पकड़े जाते बदमाश
गांव के लोगों का कहना है कि रात में १२ बजे पहुंचे बदमाशों ने लगभग ५० मिनट तक उत्पात मचाया। रह-रह कर फायरिंग करते रहे। बदमाशों ने बाइक गांव से आधा किलोमीटर पहले खड़ी कर दी थी। लूटपाट के बाद अपने को घिरता देख जब बदमाश आशा देवी को अगवा कर ले जा रहे थे तो लगभग २० मिनट का समय लगा। इस दौरान १०० नंबर डायल कर पुलिस को फोन किया गया, लेकिन १०० नंबर गश्ती टीम मौके पर नहीं पहुंची। जिसके चलते बदमाश भागने में सफल रहे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






