पनियरा ब्लाक के राजमंदिर गांव की संजू भारती आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री हैं। वह विभागीय कार्यों के साथ ही नारी सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान, मतदाता जागरूकता अभियान, बाल विवाह, लिंग भेद, वेश्यावृत्ति को लेकर जागरूकता अभियान चला रही हैं। इसके बदले उन्हें कोई पारिश्रमिक नहीं मिलता। इसमें जो भी खर्च होता है, वह उसे अपने मानदेय से पूरा करती हैं। इनके सामाजिक कार्यों को देखते हुए इन्हें कई पुरस्कारों व प्रशस्ति पत्र से नवाजा जा चुका है।
संजू भारती की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री पद पर 28 दिसंबर 2006 को राजमंदिर गांव में नियुक्ति हुई। शुरू से ही उनका मन जन जागरूकता की ओर रहा। नौकरी के दौरान वह सरकारी कार्यक्रमों से रूबरू हुईं। उसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने लगीं। जहां भी कार्यक्रम व जागरूकता का आयोजन होता है, वहां जाकर लोगों को जागरूक करती हैं। इनके कार्यों को देखते हुए तत्कालीन डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने इन्हें मतदाता जागरूकता व स्वच्छता अभियान का ब्रांड अंबेसडर बनाया था। जिम्मेदारी मिलने के बाद गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया।
महराजगंज महोत्सव आयोजन को सफल बनाने की भी जिम्मेदारी बखूबी निभाई। मीजल्स रूबेला, स्वच्छता, मतदाता जागरूकता, नारी सशक्तिकरण में बेहतर काम करने पर प्रशस्ति पत्र मिल चुका है। इस समय वह बिना किसी सरकारी मदद के महिला शक्ति अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। वेतन का अधिकांश पैसा जागरूकता कार्य में खर्च कर रही हैं। इस कार्य में उनके पति मनीष कुमार भी पूरा सहयोग दे रहे हैं।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






