लखनऊ के आशियाना के न्यू गड़ौरा बिजनौर में रविवार सुबह संदिग्ध हालात में विवाहिता तबस्सुम (30) की मौत हो गई। उसका शव बिस्तर पर पड़ा मिला। जबकि, ससुरालीजन घर से फरार थे। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के भाई ने पुलिस को जानकारी दी। भाई की तहरीर पर पति सहित चार पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, विवाहिता के परिवारीजनों ने नेत्रदान कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय के मुताबिक, न्यू गुड़ौरा सेक्टर-ओ निवासी जहीम खां की बहन तबस्सुम की शादी 17 मई 2017 को न्यू गड़ौरा निवासी अनवर से हुई थी। कुछ दिन बाद से ससुरालीजन उसे दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे थे। भाई जहीम के मुताबिक, शनिवार को तबस्सुम मायके आई थी। उसने हत्या की आशंका जताते हुए मायके में ही रहने की बात कही, लेकिन उसे समझा-बुझाकर ससुराल भेज दिया। रविवार सुबह उनके भाई फहीम के मोबाइल पर सूचना मिली कि बहन की हालत काफी खराब है। जब परिवारीजन पहुंचे तो तबस्सुम मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी थी। घर पर कोई नहीं था। पति को कई बार कॉल की, लेकिन कोई संपर्क नहीं हो सका। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, शव पोस्टमार्टम को भेजवाया गया है। जहीम की तहरीर पर विवाहिता के पति अनवर, जेठ लईक व फरीद और ननद साजिया के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिय गया है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments









