बहराइच से फैजाबाद होते हुए आजमगढ़ की यात्रा करना अब आसान हो जाएगा। मार्ग पर जगह-जगह हुए गड्ढों से लोगों को जल्द ही निजात मिलेगी। अभी बहराइच से गोंडा 60 किलोमीटर की दूरी ढाई से तीन घंटे में तय करनी पड़ रही है। इस समस्या को देखते हुए मार्ग को संवारने की कवायद शुरू की गई है। शासन ने बजट की मंजूरी दे दी है। मार्ग के मरम्मतीकरण पर ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे। दिसंबर माह के प्रथम पखवारे से काम शुरू होने की उम्मीद है। जिले की अधिकांश सड़कों की दशा सुधर गई है। लेकिन बहराइच से गोंडा-फैजाबाद होते हुए आजमगढ़ को जोड़ने वाली सड़क इस समय बदहाली की स्थिति में है। बहराइच शहर से निकलते ही बेरिया, पयागपुर, विशेश्वरगंज, कुकुरभुकवा के पास सड़क लगभग गायब सी हो गई है। बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनमें वाहन हिचकोले खाते हुए चलते हैं। बहराइच से गोंडा की दूरी महज 60 किलोमीटर की है। लेकिन यह फासला तय करने में लगभग तीन घंटे का समय लग जाता है। इससे भी खराब स्थिति गोंडा से फैजाबाद के बीच की यात्रा की है। गोंडा शहर के बाहर से कटरा तक पूरा मार्ग गड्ढों में तब्दील होने से आवागमन दुश्वार हो गया है। मार्ग पर अयोध्या के आगे भी यही स्थिति जगह-जगह है। इस समस्या को देखते हुए शासन ने मार्ग के मरम्मतीकरण को हरी झंडी दी है। इसकी मरम्मत पर ढाई करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग मरम्मत का कार्य करवाएगा। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार ने बताया कि मार्ग की मरम्मत की कवायद शुरू कर दी गई है। निर्माण खंड दिसंबर माह में मार्ग को संवारने का कार्य शुरू करेगा। कोशिश होगी कि चार माह में मार्ग पर पहले की तरह आवागमन बहाल हो सके।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






