गोंडा जिले : में केन्द्र सरकार स्वच्छ भारत अभियान की मुहिम चला रही है। लेकिन लोगों की लापरवाही सरकार के इस महत्वाकांक्षी अभियान पलीता लगा रही है। जिसके चलते सरकारी अस्पतालों के साथ ही कई विभागों में लोग गंदगी फैलाने से नहीं कतरा रहे हैं। अब ऐसे लोगों के लिए जिला महिला अस्पताल प्रशासन की ओर से विशेष अभियान शुरू किया गया है। जिसके तहत अस्पताल परिसर में तंबाकू और पान खाकर थूकने वालों को शर्म प्रमाण पत्र दिया जायेगा।
शनिवार को इस अभियान की शुरूआत खुद महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आनंद प्रकाश मिश्र ने की। उन्होंने सुबह राउंड पर अस्पताल में तंबाकू खाकर थूकते मिलने पर 9 लोगों को शर्म प्रमाण पत्र थमाया। डॉ. मिश्र ने कहा कि अस्पताल की नई बिल्डिंग की शुरुआत होने के बाद भी लोग स्वच्छता के प्रति अपने रवैये में बदलाव नहीं ला रहे हैं। इसलिए अब कार्रवाई आवश्यक हो गई है। गंदगी फैलाते पकड़े जाने वालों को शर्म प्रमाण पत्र देने के साथ ही 200 रुपये का जुर्माना भी लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि डीएम की स्वीकूति लेने के बाद शनिवार को इस अभियान की शुुरुआत की गई।
लोग अस्पताल की लिफ्ट में भी थूकने से नहीं कतराते
सीएमएस डॉ. एपी मिश्र ने कहा कि लोगों की लापरवाही का आलम ये है कि महिला अस्पताल में लगी लिफ्ट में भी थूकने से नहीं कतराते हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकांश अच्छे और पढ़े लिखे लोग ही ऐसी लापरवाही करते हैं। डॉ. मिश्र ने बताया कि अब लोग केवल जुर्माने से नहीं सुधरने वाले हैं। ऐसे में लोगों को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराना भी आवश्यक है। इसके साथ ही लोगों को प्रमाण पत्र देने के साथ ही अन्य लोगों को भी जागरूक करने में सहयोग देने की अपील की जायेगी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






