बहराइच 03 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान द्वारा ऐसे राज्यकर्मियों जो अपने अपने राजकीय उत्तरदायित्वों को निभाने के साथ ही साहित्य सृजन करते हैं, को प्रोत्साहित करने हेतु लेख एवं कहानी प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इच्छुक राज्यकर्मी अपने लेख और कहानी संस्थान के कार्यालय, कक्ष संख्या 119ब, भूतल निकट गेट नं.-9, मुख्य भवन, उत्तर प्रदेश सचिवालय, हज़रतगंज, लखनऊ को 21 सितम्बर 2019 तक भेज सकते हैं। लेख प्रतियोगिता का विषय है ‘‘साहित्य एवं संस्कृति से हम क्या समझते हैं’’। इच्छुक राज्यकर्मी अधिकतम 4 पृष्ठ (फुल स्केप कागज़) पर कहानी व लेख प्रेषित कर सकते हैं। साहित्य संस्थान के महामन्त्री डाॅ. दिनेश चन्द अवस्थी के पत्र के हवाले से यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में संस्थान द्वारा गठित की जाने वाली साहित्यकार समीक्षकों की समिति द्वारा विजेताओं का निर्णय लिया जायेगा एवं समिति के मूल्यांकन के आधार पर कहानी व लेख के लिए अलग-अलग तीन-तीन उत्कृष्ट कहानीकारों व लेखकों को क्रमशः रू. दो हज़ार एक सौ व रू. एक हज़ार एक सौ के पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। लेखकों को सुझाव दिया गया है कि प्रेषित किये जाने वाले लेख में राजनीतिक, सामाजिक आलोचना/निंदा, प्रशासन के विरूद्ध एवं विवादास्पद बातें नहीं होनी चाहिए तथा लेख के ऊपर के एक कवर पृष्ठ पर अपना पूरा परिचय (नाम/पता/सम्पर्क दूरभाष/कार्यालय का पता) अंकित करें। उल्लेखनीय है कि राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान प्रदेश की एक प्रख्यात साहित्यिक संस्था है जिसमें राज्य कर्मचारी/अधिकारी सदस्य एवं पदाधिकारी होते हैं तथा संस्था के पदेन संरक्षक उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव होते हैं। ऐसे राज्यकर्मी जो अपने राजकीय उत्तरदायित्वों को निभाने के साथ ही साहित्य सृजन करते हैं, उनको प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए तथा उनकी प्रतिभा को प्रश्रय देने के लिए इस संस्था का गठन किया गया है। संस्था का उद्देश्य साहित्य के माध्यम से समाज की सेवा करना है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






