यूपी के आजमगढ़ में अराजक तत्वों ने डॉ भीमराव आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहेब की प्रतिमा को एक बार फिर तोड़ दिया। प्रतिमा तोड़े जाने की जानकारी तुरंत ही पुलिस-प्रसाशन को दी गई लेकिन सुबह तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा। एक वर्ष में यह प्रतिमा पांचवीं बार तोड़ी गई। जिले में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के राजा पट्टी गांव में गुरुवार की रात में आंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। राजा पट्टी निवासी भाजपा नेता राहुल मिश्रा ने घटना की सूचना रात में ही पुलिस-प्रशासन को दे दी लेकिन सुबह तक कोई नहीं पहुंचा। गौरतलब है कि इस प्रतिमा को साल भर में ही पांच बार तोड़ा जा चुका है। मार्च 2018 में प्रतिमा टूटने पर ग्रामीणों ने चक्का जाम भी किया था। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए एक स्कूल प्रबंधक को जेल भेजा था। उस समय यह बताया गया था कि स्कूल प्रबंधक ने प्रतिमा के पास स्थित अपने विद्यालय के लिए भूमि हड़पने की मंशा से ऐसा किया था। इसके बाद भी प्रतिमा तोड़ी गई। जिसे बाद में पुलिस ने दुरुस्त कराया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






