गाजीपुर। जिले के एक गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की महिलाओं पर बेरहमी से लाठी से वार किया। घटना में छह महिलाएं घायल हो गईं। इस मामले में एक पक्ष ने सोमवार को चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर चल रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं है। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद (अतरौला) गांव निवासी मनोज राजभर का इसी गांव के एक व्यक्ति से भूमि विवाद चल रहा है। शाम को एक पक्ष द्वारा खेत पर कब्जा करने के दौरान मनोज राजभर के पक्ष के लोग वहां पहुंचे और इसका विरोध करने लगे। इस पर कब्जा करने के लिए पहुंचने वाले पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा से मारकर दूसरे पक्ष की माधुरी देवी, विमला देवी, सुनीता देवी, प्रियंका देवी, ममता देवी तथा भेलिया देवी को घायल कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। लोगों ने घटना की सूचना 100 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची ने पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी ली। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गई। गंभीर रूप से घायल तीन महिलाओं को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मनोज राजभर की तरफ से चार लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों का तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






