यूपी के मऊ में दोहरीघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार की सुबह छह बजे एक महिला द्वारा छेड़खानी का विरोध करने पर एक व्यक्ति ने उसे जलाकर मारने का प्रयास किया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों ने महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोहरीघाट पहुंचाया। डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉ. फैजान का कहना है कि महिला 30 प्रतिशत झुलस गई है। पेट और सीने का हिस्सा ज्यादा जलने से हालत गंभीर है। पुलिस ने पीड़िता के तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध जान से मारने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है, वहीं आरोपी फरार है। पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन उसे अभी वह पकड़ से बाहर है। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह सुबह लगभग छह बजे घर में अकेली थी घर के बगल का ही पट्टीदार राजदुलारे घर में घुस गया। उसके बाद वह छेड़खानी करने लगा, जिसका विरोध करने पर उसने ऊपर मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा दी। इस पर पीड़िता ने शोर मचाया तो शोर सुनकर आसपास के लोगों ने किसी तरह से उसके शरीर पर पानी डालकर आग बुझाई लेकिन तब तक महिला बुरी तरह से झुलस चुकी थी। लोग उसे सीएचसी ले गए। वहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ घोसी नंदलाल घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने एसओ दोहरीघाट को आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। सीओ नंद लाल का कहना है कि मामला गंभीर है। घटना की जांच चल रही है। जल्दी ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होगा। उधर, आरोपी की पत्नी का कहना है कि मेरे पति को फर्जी तरीके से फंसाया जा रहा है।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






