घर में सो रही चार वर्षीय मासूम को अगवा कर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मासूम का शव गांव में ही एक व्यक्ति के पशु बांधने वाले स्थान पर बरामद हुआ। मृतका के चाचा ने अज्ञात के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना उत्तर प्रदेश के एटा जिले के थाना निधौलीकलां की है। क्षेत्र के एक गांव निवासी बच्ची बुधवार रात अपने दो भाइयों और अन्य परिजनों के साथ घर में सो रही थी। तभी अज्ञात लोग मासूम को घर से उठाकर ले गए और दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने मासूम की हत्या कर शव को गांव में ही एक व्यक्ति के पशु बंधने वाले स्थान पर फेंक दिया। गुरुवार तड़के पशुओं को चारा डालने पहुंची महिला ने शव देखकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। जानकारी पर परिजन और एसएसपी आशीष तिवारी के साथ ही अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम चार चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने बालिका की मौत दम घुटना बताया है। एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्यारोपियों का पता लगाया जा रहा है। मृतक बच्ची के चार भाई हैं। मृतका अपने आठ और छह साल के दो भाइयों के साथ घर पर रहती थी। दो बड़े भाई दिल्ली और पटना में काम करते हैं। एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। पिता ने छह माह पहले खुदकुशी कर ली थी। पिछले कुछ समय से मां भी लापता है। बहन की हत्या के बाद घर पर रह रहे उसके दो भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना निधौलीकलां क्षेत्र में मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात से लोग आहत और क्षुब्ध हैं। परिजनों ने बताया कि बच्ची अपने माता-पिता को खोने के बाद बेहाल थी। बच्ची के पिता ने छह माह खुदकुशी कर ली थी। पिता की मौत के बाद उन तीन बच्चों को मां का सहारा था लेकिन एक माह पहले मां भी अचानक लापता हो गई। उसके बाद बच्ची अपने भाइयों के साथ दादा और चाचा के परिवार के सहारे रह रही थी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






