कर्नाटक में बीएस येद्दयुरप्पा के फ्लोर टेस्ट का सामना करने से पहले ही इस्तीफा देने पर आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने यहां पर जश्न बनाया। कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में आज बड़ी संख्या में नेता तथा कार्यकर्ता एकत्र थे। माल एवेन्यु में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में सभी की निगाह टीवी पर जमी थीं। जैसे ही बीएस येद्दयुरप्पा ने विधान भवन में अपने भाषण के बाद इस्तीफा देने का ऐलान किया, वैसे ही यहां पर कांग्रेसी झूम उठे। इन सभी ने एक स्वर में कहा कि नरेंद्र मोदी का कर्नाटक पर कब्जा करने का सपना टूट गया। यह लोग किसी भी तरह से यहां पर अपनी सरकार बनाने के प्रयास में थे, लेकिन विपक्षी दलों के विधायकों की एकजुटता से इनका सपना यहां पर टूट ही गया। लखनऊ में आज का दिन कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ताओं के लिए बेहद खास था। जश्न के लिए लखनऊ के कांग्रेस के दफ्तर में लोग काफी पहले से एकत्र थे। पांच दिन से कर्नाटक में सत्ता की खातिर उठापटक जारी थी। आज का दिन कांग्रेस के लिए बेहद खास था। पांच दिन से चली आ रही लंबी कवायद और जोर-आजमाइश के बाद कर्नाटक में भाजपा सरकार ने फ्लोर टेस्ट का सामना नहीं किया और संख्याबल जुटाने से पहले इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। इससे पहले हालांकि येदियुरप्पा ने अपने लंबे भाषण में आगे की कई रणनीति का जिक्र किया और फिर अंत में राज्यपाल के पास जाकर इस्तीफा सौंपने का ऐलान कर दिया। बीएस येदियुरप्पा ने बहुमत परीक्षण से पहले ही इस्तीेफा दे दिया है। इस बार वह केवल ढाई दिन के कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने कर्नाटक विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं वापस आऊंगा, 150 से ज्यादा सीटें जीतकर आऊंगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि भाजपा के पास बहुमत नहीं है और वो अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपने जा रहे हैं। भाषण में येदियुरप्पा ने पीएम नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि शायद पहली बार किसी पीएम ने सीएम कैंडिडेट तय किया। इसके साथ- साथ ही येदियुरप्पा ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का भी धन्यवाद किया।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






