आजमगढ़ में योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि योग किसी धर्म मजहब को नहीं बांटता यह एक सूत्र में पिरोने का साधन है। हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख, इसाई या चाहे कोई भी धर्म हो योग करने मनाही नहीं है। योग शब्द सब को मिलाता है। योग आपस में मेल मिलाप और भाई चारा का भी संदेश देता है। बाबा रामदेव मंगलवार की सुबह सगड़ी तहसील क्षेत्र के मौलाना आजाद इंटर कॉलेज अंजान शहीद के प्रांगण में योग शिविर के आयोजन के दौरान बोल रहे थे। स्वामी बाबा रामदेव ने योग के माध्यम से लोगों को निरोग होने की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने कहा योग करे निरोग रहे। योग के माध्यम से गम्भीर बीमारियों और असाध्य रोगों से छुटकारा मिलता है। योग एक साधक है। जिससे सारी बुराइयों से छुटकारा पाया जा सकता है। योग गुरु ने शराब को देश के अभिशाप के रूप में बताया। उन्होंने कहा कि शराब पीने से पूरा घर बर्बाद होता है। इसलिए शराब का बहिष्कार करें। कोई भी धर्म शराब पीने की इजाजत नहीं देता है। साथ ही उन्होंने कहा स्वदेशी सामानों को अपनाएं और विदेशी सामानों का बहिष्कार करें। शिविर में स्वामी बाबा रामदेव ने विभिन्न प्रकार के योगासन करवाएं। बच्चों को भी अलग से योगासन कराते हुए कहा कि योगाभ्यास से बौद्धिक मानसिक शारीरिक विकास होता है। बच्चों ने बाबा रामदेव से कई सवाल पूछे।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






