कानपुर में थाना कलक्टरगंज के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं की गुटबाजी इतनी ज्यादा हावी हो गई कि आपस में ही जमकर लाठी डंडे चले। थाने में दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने के लिए अड़े थे। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष नवाब सिंह के साथ भाजपा के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने अभद्रता की है। भाजपा कार्यकर्ताओं की गुटबाजी अब पार्टी की ही गरिमा गिराने लगी है। कानपुर में भाजपा के कार्यकर्ता अलग-अलग गुटों में बटे हुए हैं। यही वजह है कि भाजपा में अंदरूनी कलह हो गई है। कानपुर के धनकुट्टी के पास से कमल संदेश यात्रा लेकर आ रहे भाजपा कार्यकर्ताओं में अभद्र भाषा को लेकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे तक निकल आए और कई लोग घायल भी हो गए। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ता उमाकांत का आरोप है कि भाजपा नेता रमेश चंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। जिसकी वजह से विवाद हुआ। बातों से शुरू हुई झगड़े की शुरुआत देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। धनकुट्टी के होटल शिवम के सामने लाठी डंडे चले। बीच-बचाव करने आई पुलिस ने किसी तरह सबको शांत कराया। आरोप यह भी है कि कैबिनेट मंत्री सतीश महाना के लोगों ने मारपीट की है। उधर दूसरा गुट पूर्व विधायक सलिल विश्नोई का है। पुलिस का कहना है कि घायलों का मेडिकल कराने के बाद ही रिपोर्ट लिखी जाएगी।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






