आगरा के खंदौली क्षेत्र में रविवार रात को अगवा की गई ढाई साल की मासूम से युवक ने दुराचार किया। बच्ची खून से लथपथ मिली। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मासूम बच्ची के पिता मजदूरी करते हैं। खंदौली की ही एक बस्ती में रहते हैं। वो दूसरी बस्ती में रहने वाले अपने बीमार रिश्तेदार को देखने के लिए आए थे। जब वो लौट रहे थे, तो रास्ते में बच्ची खेलती हुई मिली थी। उन्होंने बस्ती के पास रहने वाले दीपू से कहा कि वो बच्ची को ले जाकर घर छोड़ दे। वो उसे घर नहीं, बल्कि पहले रामबाग और फिर स्ट्रीची ब्रिज के नीचे ले गया। वहां से यमुना किनारे ले जाकर बच्ची से दुराचार किया। मासूम बच्ची लहूलुहान हालत में मिली। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि जब दीपू को लगा कि बच्ची की जान जा सकती है, तब उसे घर पर लेकर आ रहा था। उधर, पुलिस आरोपी को ढूंढ रही थी। सुबह चार बजे उसे पकड़ लिया गया। बच्ची उसी के पास थी। पुलिस ने उसके खिलाफ अपहरण, दुराचार की धाराओं और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि उसे मंगलवार को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। पूछताछ में पता चला है कि आरोपी युवक शराब पीने का आदी है। इसके साथ वो कई तरह के नशे करता है। भांग, चरस, गांजा लेता है। आगरा में पहले जगदीशपुरा, फिर एत्माद्दौला और अब खंदौली। तीन दिन में रेप की तीन वारदात हो चुकी हैं। तीनों में मासूम बच्चियों से दुराचार किया गया। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
व्हाट्सएप पर शेयर करें
No Comments






